महराजगंज डेस्क।।

लक्ष्मीपुर(उत्तर प्रदेश): बीते पांच महीनों से लॉकडाउन के कारण भारत में फसा फ्रांसीसी परिवार बुधवार को दिल्ली रवाना हो गया। यह परिवार गोरखपुर होते हुए दिल्ली में स्थित फ्रांसीसी दूतावास जाएगा। पुलिस के अनुसार परिवार बुधवार को गोरखपुर में रुकेगा और गुरुवार को डेंगू से पीड़ित ऑफली का सेहत जांचने के बाद इन्हें दिल्ली भेज दिया जाएगा। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि परिवार बॉर्डर खुलने पर उत्तराखंड होते हुए नेपाल जा सकता है।

आपको बता दें कि फ्रांस के टूलूज शहर की ऑफली पैलेरस अपने परिवार के साथ 20 मार्च को भ्रमण के लिए बाघा बॉर्डर होते हुए भारत पहुँची थी। भारत भ्रमण के बाद उन्हें नेपाल जाना था। लेकिन कोरोनाकाल में हुए लॉकडाउन के बाद फ्रांसीसी परिवार महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में फस गया था। नेपाल सीमा बंद होने के कारण परिवार को कोल्हुआ गांव के एक शिवमंदिर में शरण लेनी पड़ी थी।

वीजा को बढ़ाने के लिए दूतावास से संपर्क साधने के बाद ही फ्रांसीसी युवती ऑफली की तबियत अचानक खराब हो गई थी। जांच में पाया गया कि वह डेंगू से पीड़ित है। युवती के स्वस्थ होने के बाद डॉक्टरों द्वारा उसे सेहत जांच के लिए पुनः बुलाया गया था। जिसके लिए फ्रांसीसी परिवार बुधवार को गोरखपुर के लिए रवाना हुआ।

फ्रांसीसी परिवार बुधवार को गांव छोड़ते वक्त भावुक हो गया। उन्होंने गांव वालों को धन्यवाद देते हुए भारत आने पर फिर से गांव आने की इच्छा जताई। कोल्हुआ गांव के लोगों ने भी भारतीय परंपरा “अतिथि देवो भवः” को निभाते हुए फ्रांसीसी परिवार को भरे मन से अलविदा कहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here